ंँ
प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर स्वैच्छिक रक्तदान शिविर सहित विभिन्न कार्यक्रमों का हुआ आयोजन, भाजपाइयों ने बढ़-चढ़ कर लिया हिस्सा
सवाई माधोपुर/चन्द्रशेखर शर्मा। भारतीय जनता पार्टी के शीर्षस्थ नेता एवं देश के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन को भाजपा द्वारा 'सेवा पखवाड़े' के रूप में मनाने की पूर्व में जो घोषणा की गई थी। उसी के चलते आज राज्य में इसकी विधिवत शुरुआत भी की गई। यानी कि 17 सितम्बर को पीएम श्री नरेन्द्र मोदी के 72 वें जन्मदिन के मौके पर प्रदेश के सभी 200 विधानसभा क्षेत्रों में बीजेपी कार्यकर्ताओं द्वारा विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर सेवा पखवाड़े का शुभारंभ किया गया। सेवा पखवाड़े के चलते पार्टी के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को जरूरतमंद लोगों की मदद के साथ- साथ पौधारोपण, चिकित्सा शिविर आयोजन, दिव्यांगों को उपकरण वितरण, साफ-सफाई जैसे कार्यक्रमों के साथ ही राज्य में महामारी का रूप ले चुके लम्पी वायरस से संक्रमित गोवंश की सेवा को आधार बनाकर विभिन्न सेवा कार्य सम्पादित किए। गौरतलब है,कि सेवा कार्य का यह क्रम आगामी 2 अक्टूबर तक यूं ही यथावत जारी रहेगा। इसी क्रम में सवाई माधोपुर जिला मुख्यालय से लेकर उपखण्ड मुख्यालयों बामनवास, गंगापुर सिटी,बौंली एवं मलारना डूंगर सहित सभी मंडलों में भी भाजपाइयों द्वारा अनेकोनेक कार्यक्रम आयोजित कर सेवा कार्यों में तन- मन-धन से अपना विशेष योगदान दिया गया। इसी कड़ी में सवाई माधोपुर जिला मुख्यालय पर भाजपा नेत्री व भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यसमिति सदस्य श्रीमती आशा मीना एवं टोंक- सवाई माधोपुर सांसद सुखबीर सिंह जौनपुरिया तथा भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. भरतलाल मथुरिया के नेतृत्व में विभिन्न कार्यक्रम एवं गतिविधियां संचालित की गई। शनिवार को प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस के शुभ अवसर पर आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों की श्रृंखला में शिरकत करते हुए भाजपा नेत्री आशा मीणा द्वारा सर्वप्रथम भाजपा युवा मोर्चा की ओर से सामान्य चिकित्सालय में देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के 72 वें जन्मदिन के अवसर पर आयोजित विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में भाग लिया जाकर रक्त वीरों को पुरस्कार वितरित कर उनकी हौंसला अफजाई की गई। इस विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इससे पूर्व भाजपा नेत्री आशा मीना का पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनन्दन किया गया। इस अवसर पर भाजपा नेत्री ने सभी रक्तवीरों एवं आयोजन समिति के सदस्यों का भव्य रक्तदान शिविर आयोजन के लिए धन्यवाद भी ज्ञापित किया। तत्पश्चात आशा मीणा ने भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ शहर, सवाई माधोपुर स्थित राधाकृष्णन गौशाला में गौवंश को खाद्य सामग्री एवं हरा चारा डालकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का जन्मदिन मनाया । इसके अलावा भाजपा नेता आशा मीना ने यश फाउंडेशन संस्था में विशिष्ट बच्चों के साथ मिलकर देश के प्रधानमंत्री मोदी का बर्थडे सेलीब्रेट किया। इस अवसर पर भाजपा नेत्री मीणा विशिष्ट बच्चों से बड़े आत्मीयता के साथ रुबरु हुई एवं उन बच्चों को अपनी ओर से अल्पाहार भी करवाया। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष डा. भरत लाल मथुरिया, उपाध्यक्ष हरिओम गर्ग, वरिष्ठ भाजपा नेता देवेन्द्र सिंह राठौड़, हरिप्रसाद गुप्ता, बजरिया मंडल अध्यक्ष अनिल शर्मा, शहर मंडल अध्यक्ष श्रीचरण महावर, भाजपा नेता कपिल जैन,चंदन सिंह,अल्का शर्मा,तनवीर चौहान,विजय शंकर मीना, मनोज बैरवा, कृष्णा गुप्ता, जिनेन्द्र शर्मा, पंकज मंगल, अनूप गौतम आदि दर्जनों भाजपा पदाधिकारी एवं सैकड़ों कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।



