Logo

 MAATI KI MAHAK NEWS
देश की माटी से जुड़ी हर खबर सोशल नेटवर्किंग साइट्स ओर डिजिटल मीडिया के माध्यम से आप तक





पैदल मार्च निकाल कर नारेबाजी के बीच समस्या समाधान की मांग को लेकर मुख्यमंत्री के नाम एडीएम को सौंपा ज्ञापन 
                               सवाई माधोपुर/मलारना डूंगर (चन्द्रशेखर शर्मा)। मलारना डूंगर उपखण्ड क्षेत्र में अतिवृष्टि के चलते खरीफ की फसलों में हुए भारी नुकसान की भरपाई के लिए राज्य सरकार से मुआवजे की मांग को लेकर भाजपाइयों की ओर से गुरुवार को मलारना डूंगर उपखंड अधिकारी कार्यालय पर पीड़ित किसानों के साथ कूच किया गया। भाजपा मंडल के कार्यकर्ताओं ने भाजपा नेत्री व भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यसमिति सदस्य आशा मीना के कुशल नेतृत्व में पैदल मार्च निकाल कर नारेबाजी के बीच प्रदर्शन करते हुए समस्या समाधान की मांग को लेकर एसडीएम को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन भी सौंपा। इस अवसर पर उपस्थित ग्रामीणों एवं कार्यकर्ताओं को भाजपा नेत्री आशा मीणा ने सम्बोधित करते हुए कहा कि बैमौसम बरसात और अतिवृष्टि के कारण ज्वार- बाजरा, मूंगफली, उड़द, तिल्ली,सोयाबीन व मक्का सहित अन्य सभी फसलों को  क्षेत्र में भारी नुक़सान पंहुचा है, जिसके फलस्वरूप या तो वह पूरी तरह से बर्बाद हो चुकी है या फिर नष्ट होने के कगार पर है। ऐसे समय में किसानों की पीड़ा एवं मनोदशा का अंदाजा लगा पाना बहुत मुश्किल कार्य है। भाजपा नेत्री ने यह भी कहा कि पहले पहल तो कर्ज माफी का झांसा देकर राज्य सरकार ने किसानों को ठगा और केंद्र सरकार से प्राप्त ₹6000 अनुदान राशि (वार्षिक) से भी उन्हें वंचित रखा। दूसरी ओर रही सही कसर  प्रकृति ने कहर बरपा कर पूरी कर दी, विपरीत हालातों ने भोले-भाले किसानों की कमर तोड़ कर रख दी है। यही नहीं इसी बीच लंपी जैसी महामारी ने किसानों व पशुपालकों से उनका गोवंश छीन लिया। पहले से ही कर्ज की मार झेल रहे किसान वर्ग के समक्ष अब आर्थिक मसले को लेकर और कड़ी चुनौतियां आ खड़ा हुई है। जिसकी वजह से उसका चिंतित होना लाजिमी है। अपने और अपने परिवार का पालन पोषण करने के लिए किसानों को सिर्फ और सिर्फ सरकारी सहायता की बेहद दरकार है, इसलिए किसान यह कहते हुए नहीं थकते हैं , कि भले ही राम रूठ जाए लेकिन राज (सम्बंधित विभाग एवं राज्य सरकार) नहीं रूठना चाहिए। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार फसल खराबे को लेकर भाजपा नेता आशा मीना ने सैकड़ों की संख्या में उपस्थित किसानों, भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ गुरुवार को मलारना डूंगर में एसडीएम से मुलाकात की और उन्हें लिखित ज्ञापन सौंपा। भाजपा नेत्री ने प्रशासन एवं राज्य सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि अतिवृष्टि से अन्नदाता को भारी नुक़सान हुआ है, ओर सरकार एवं प्रशासन की जिम्मेदारी बनती है, कि वह किसानों की फसलों को लेकर हुए सम्पूर्ण नुक़सान की गिरदावरी बनवाकर जल्द से जल्द मुआवजा राशि मुहैया करवाये, ताकि किसान समय से पूर्व अपनी रबी की फसल की बुवाई कर सकें। भाजपा नेत्री मीणा ने कहा की जल्द से जल्द किसानों को मुआवजा दिया जाए, अन्यथा आगामी समय में इस मुद्दे को लेकर जिला मुख्यालय पर बड़ा आन्दोलन छेड़ने में वो पीछे नहीं रहेंगी। मीना ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने 10 दिन में कर्जा माफ करने का वादा किया था लेकिन दिसंबर में 4 वर्ष पूरे हो रहे हैं लेकिन अभी तक किसानों का सम्पूर्ण कर्जा माफ नहीं हुआ है। मीना ने बताया कि किसानों का कर्ज माफ करने का यह सही समय है, क्यों कि  सरकार के प्रति फिलहाल आमजन में गहरा रोष व्याप्त है। उन्होंने राज्य के हालातों व कांग्रेस नीत गहलोत सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जब गौ माता व किसान दुखी है तो सरकार कैसे सुखी रह सकती है। इस अवसर पर भाजपा की रीति- नीति से प्रेरित होकर किसान नेता सीताराम मीणा (करेल) ने भाजपा से नाता जोड़ते हुए पार्टी की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण की, ज्ञापन देने वालों में भाजपा मलारना डूंगर मंडल अध्यक्ष रघुनाथ वैष्णव ,पूर्व जिला मंत्री नवल किशोर मंगल ,मंडल महामंत्री घनश्याम पटेल ,राकेश मीणा, बजरिया मंडल अध्यक्ष अनिल शर्मा, पूर्व मंडल अध्यक्ष सीताराम गुर्जर, हनुमान जैन, अमित शर्मा, एसपी गुर्जर,जीतराम गुर्जर लालचंद पटेल ,मुरारी लाल जांगिड़, लालचंद पटेल ,रामस्वरूप मीणा पूर्व सरपंच,हरगोविंद  पटेल, धनराज  मीणा, शंभू बैंसला, रामराज खाती ,रोशन सैनी, बाबूलाल सैनी, सुरेंद्र सैनी,जितेंद्र सैनी, नीरज शर्मा, नटवर मीणा, सुमेर मीणा, राकेश गुर्जर, पवन गुर्जर ,आशाराम कटारिया, राजमल गुर्जर , राजकुमार मीणा, मोहित मीणा,नरेश मीणा छारोदा,विजय खिरनी, गोतम राज, कुलदीप मीणा (शेषा )सहित सैकड़ों किसान एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

أحدث أقدم