लालसोट कृषि मंडी में किसानों की फसल ऑक्शन के लिए 2 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत के शेड का उद्घाटन
मंडी प्रांगण में 2.50 करोड़ की लागत के सड़क निर्माण एवं लेबर शेड के कार्य का शिलान्यास
दौसा/चन्द्रशेखर शर्मा। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री श्री परसादी लाल मीणा ने सोमवार को लालसोट कृषि उपज मंडी में किसानों की फसल ऑक्शन के लिए बनाए गए शेड (डोम) एवं नाले पर पुलिया निर्माण कार्य का उद्घाटन किया।चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री ने उद्घाटन समारोह को सम्बोधति करते हुए कहा कि यह शेड बनने से मंडी में फसल बेचने के लिए आने वाले किसानों को एक सुरक्षित स्थान प्राप्त होगा, जहां वे अपनी फसल को बारिश एवं धूप से बचाकर उसका बेचान कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि लालसोट कृषि उपज मंडी राजस्थान की नामचीन मंडियों में से एक है, यहां का पूरा सिस्टम पारदर्शी है। उन्होंने कहा कि जब मैं पहली बार विधायक बना था तो कृषि उपज मंडी के लिए स्थान चिन्हित कर तत्कालीन मुख्यमंत्री से इसका शिलान्यास करवाया था। आज यह मंडी पूर्वी राजस्थान की सबसे बड़ी मंडियों में से एक मंडी बन चुकी है। उन्होंने कहा कि दौसा जिलेे की यह पहली मंडी है जहां किसानों की फसल रखने के लिए शेड बनवाया गया है। उपस्थित जनसमूह को सम्बोधित करते हुए उन्होंने कहा कि लालसोट में जिला अस्पताल, मातृ शिशु स्वास्थ्य यूनिट एवं र्नसिंग कॉलेज का कार्य प्रगति पर है और जल्द ही यह बनकर तैयार हो जायेंगे और क्षेत्र के लोगों को बेहतरी चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी।चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि पूर्वी राजस्थान नहर परियोजना 13 जिलों के लिए जीवनदायिनी परियोजना है। राज्य सरकार हर हाल में इस परियोजना को पूरी करेगी। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के पूरे होने से 13 जिलों के लोगों को पीने के लिए और सिचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध होगा। उन्होंने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री जी ने इस क्षेत्र के विकास के लिए हर मांग पूरी की है। लगभग हजार करोड़ रुपये की लागत से बन रहे ईसरदा बांध का 60 प्रतशित से ज्यादा का कार्य पूण्र हो चुका है और वर्ष 2023-24 तक दौसा जिले के हर गांव-ढाणी तक यहां से पेयजल सप्लाई शुरू हो जाएगी। इससे पूर्व चिकित्सा मंत्री एवं अन्य अतिथियों ने मुख्य मंडी प्रागण में बनने वाली सड़कों एवं मरम्मत कार्य तथा लेबर शेड विस्तार एवं आधुनिकीकरण कार्य का शिलान्यास किया। इस कार्य के पूरा होने से जहां मंडी में आधारभूत सुविधाओं का विकास होगी वहीं मंडी में काम करने वाले पल्लेदारों के बैठने के लिए बेहतर व्यवस्था होगी। यहां पर लगभग 206 लाख रुपये की लागत से सड़के एवं 25 लाख रुपये की लागत से लेबर शेड विस्तार का कार्य करवाया जाएगा।
ग्रामीणों को मिलेगा सामुदायिक केन्द्र का लाभ
इससे पूर्व चिकित्सा मंत्री ने ग्राम पंचायत खेमावास के ग्राम नगरीय आवास में विधायक कोष से 7 लाख रूपये की लागत से बने सामुदायिक भवन का उद्घाटन किया। उद्घाटन समारोह में उन्होंने कहा कि सामुदायिक भवन बनने से ग्रामीणों को विभिन्न आयोजनों के लिए सुरक्षित स्थान उपलब्ध होगा। इसके साथ ही उन्होंने ग्राम मलवास के राजकीय प्राथमिक विद्यालय में कक्षा कक्ष एवं बरामदा निर्माण के लिए विधायक कोष से 7 लाख रुपये देने की घोषणा भी की। इस दौरान पंचायत समिति लालसोट प्रधान नाथूलाल मीणा, रामगढ पचवारा प्रधान डा0 कौशल्या मीणा, सरपंच हेमराज मीणा, लालसोट नगरपालिका की चेयरमैन रक्षा मिश्रा, पूर्व चैयरमैन दिनेश मिश्रा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, ग्रामीण, मंडी के व्यापारी, पल्लेदार, किसान एवं अन्य नागरिक मौजूद रहे। इस दौरान पल्लेदार संघ ने 51 किलो की फूलों की माला पहनाकर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री परसादी लाल मीणा का आभार जताया।
-------

