Logo

 MAATI KI MAHAK NEWS
देश की माटी से जुड़ी हर खबर सोशल नेटवर्किंग साइट्स ओर डिजिटल मीडिया के माध्यम से आप तक



बौंली उपखण्ड क्षेत्र के गुगडोद गांव की है घटना।

बौंली /सवाई माधोपुर ( चन्द्रशेखर शर्मा )। उपखंड की बपूई ग्राम पंचायत के गुगडोद गांव में रविवार सुबह कुएं में एक युवक का शव लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। कुएं में मृत अवस्था में युवक के लटके होने की जैसे ही ग्रामीणों को जानकारी मिली लोग घटनास्थल पर एकत्रित होने लगे। परिजन व ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर  पुलिस मौके पर पहुंची तथा हालातों का मौका मुआयना कर अपनी शर्ट के फंदे से लटके युवक को कुएं से बाहर निकाल बौंली राजकीय सामुदायिक चिकित्सालय लेकर आई जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित किया। पुलिस ने परिजनों की उपस्थिति में मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करा शव परिजनों के सुपुर्द किया। थानाधिकारी कुसुमलता मीना ने जानकारी देते हुए बताया कि इस मामले में मृतक गुगड़ोद निवासी अल्ताफ(28) के पिता हमीद खान तेली ने पुत्र की हत्या होने की आशंका जताते हुए रिपोर्ट दी है। पुलिस ने रिपोर्ट पर मर्ग दर्ज कर  जांच शुरू कर दी है। थानाधिकारी ने बताया कि मामला हत्या का है या आत्महत्या का इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा फिलहाल पुलिस अपनी जांच कर रही है ।गौरतलब है कि गांव के  राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के पीछे स्थित खेत में बने एक कुएं में रविवार सुबह अल्ताफ को मृत अवस्था में लटका देख लोग दंग रह गए। युवक उसकी शर्ट से कुंए की सीढ़ियों के साथ बंधा लटका मिला था। घटना को लेकर परिवारजनों ने पुलिस को बताया कि मृतक शनिवार दोपहर को अपने घर से निकट मस्जिद में पानी का वाल्व बंद करने के लिए निकला था लेकिन देर शाम तक भी वह घर नहीं पहुंचा ।ऐसी स्थिति में परिजनों ने उसके मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया तो उसका मोबाइल भी घर पर ही पड़ा मिला।इस पर परिजनों ने उसे तलाश करना शुरू किया तो युवक कुंए के अंदर झूलता मिला ।अपने पुत्र को कुएं में मृत अवस्था में लटका देख पिता सहित अन्य परिजनों की रुलाई फूट पड़ी जिस पर ग्रामीणों ने उन्हें ढांढस बंधाया। ग्रामीणों व परिजनों से प्राप्त जानकारी के अनुसार युवक की शादी पिपलाई गांव में हुई थी। करीबन डेढ़ सप्ताह पूर्व वह पत्नी व अपनी दो बच्चियों को अपने ससुराल छोड़ कर आया था व अपने परिवार के साथ घर पर ही रह रहा था। शनिवार दोपहर को वह घर से निकला था उसके बाद रविवार सुबह मृत अवस्था में मिला।इस परिवार का गांव में किसी से विवाद भी नहीं बताया। ऐसी स्थिति में युवक के कुंए में मृत अवस्था में लटके हुए मिलने को लेकर गांव में तरह-तरह की आशंकाएं जताई जा रही है कोई इसे आत्महत्या कह रहा है तो कोई हत्या लेकिन इस मामले में जब तक पोस्टमार्टम की रिपोर्ट नहीं आ जाती है तब तक कोई भी कयास नहीं लगाए जा सकते। पुलिस ने अपनी जांच शुरू कर दी है।

(घटना स्थल पर तमाशबीन लोगों की जमा भीड़)

Previous Post Next Post