शैक्षिक उन्नयन, भौतिक संसाधनों एवं विद्यालय विकास में 2 करोड़ 96 लाख 10 हजार 740 रूपए का दिया सहयोग
सवाई माधोपुर/चन्द्रशेखर शर्मा। भविष्य की उड़ान संवाद कार्यक्रम के तहत जिला प्रशासन, महिला अधिकारिता एवं शिक्षा विभाग सवाई माधोपुर के संयुक्त तत्वाधान में जिले के विभिन्न स्कूलों में शैक्षिक उन्नयन, भौतिक संसाधनों एवं विद्यालय विकास में अपनी भागीदारी निभाते हुए सहयोग राशि दान करने वाले भामाशाहों का जिला स्तरीय भामाशाह एवं प्रतिभा सम्मान समारोह बुधवार को आलनपुर स्थित लक्ष्मी मैरिज गार्डन में आयोजित हुआ।
जिला प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे भविष्य की उड़ान संवाद कार्यक्रम के तहत जिले में शिक्षा के स्तर को आगे बढ़ाने के लिए बालिका शिक्षा को प्रोत्साहन के लिए बालिकाओं का प्रतिभा सम्मान, विद्यालय के विकास हेतु एक मंच तैयार करना, आगामी वर्षो में भामाशाहों/दानदाताओं को प्रेरित करना, विद्यालय विकास हेतु स्थानीय स्तर पर कार्य करवाना, शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार स्थापित करना, परीक्षा परिणाम उन्नयन के लिए उत्कृष्ट परिणाम देने वाले संस्थाप्रधानों का सम्मान करना, जिले का बोर्ड परीक्षा परिणाम उन्नयन करना, भामाशाहों को प्रेरित करने वाले प्रेरकों का सम्मान एवं प्रोत्साहन एवं शिक्षा के क्षेत्र में भागीदार भामाशाहों का सम्मान करना सहित विभिन्न कार्यक्रम किए जाएंगे।
खण्डार विधायक अशोक बैरवा ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में विभिन्न कार्य किए गए है जिनमें विशेष रूप से महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम के विद्यालयों का गठन, नवीन प्राथमिक विद्यालय, पूर्व में बन्द किए गए प्राथमिक विद्यालयों का आवश्यकतानुसार पुनः संचालन, प्राथमिक से उच्च प्राथमिक विद्यालयों में क्रमोन्नत एवं जिले के समस्त माध्यमिक विद्यालयों को उच्च माध्यमिक विद्यालयों में क्रमोन्नत, नव स्थापित ग्राम पंचायतों में उच्च प्राथमिक विद्यालयों को सीधे उच्च माध्यमिक विद्यालयों में क्रमोन्नत किया गया है। इस दौरान उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में विद्यालयों के विकास में योगदान देने वाले भामाशाहों का आभार प्रकट किया।
कार्यक्रम को सम्बोधत करते हुए जिला कलेक्टर सुरेश कुमार ओला ने विद्यालयों के शैक्षिक उन्नयन एवं भौतिक संसाधनों की उपलब्धता एवं विद्यालय विकास में योगदान देने वाले समस्त भामाशाहों का जिला प्रशासन की ओर से आभार प्रकट किया। साथ ही उन्होंने भामाशाहों को प्रेरित करने वाले प्रेरकों एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों को धन्यवाद दिया। उन्होंने सभी भामाशाहों से आगे भी शिक्षा के विकास के लिए सहयोग की अपील की। उन्होंने दान देने वाले भामाशाह से स्कूलों में कोई कमी हो तो जिला प्रशासन को अवगत करवाने की बात कही।
उन्होंने कहा कि जिले के शिक्षा के स्तर को उपर उठाने, बालिकाओं के शैक्षणिक स्तर को सुधारने के लिए जिला प्रशासन द्वारा भविष्य की उड़ान संवाद कार्यक्रम की शुरूआत की गई। इस कार्यक्रम के माध्यम से जिले भर में बालिकाओं के लिए निःशुल्क लाईब्रेरी एवं निःशुल्क पुस्तकों की व्यवस्था की गई है। आगे भी जिला प्रशासन द्वारा शिक्षा के उन्नयन एवं विकास के लिए कार्य किए जाएंगे।
एडीपीसी दिनेश चन्द गुप्ता ने बताया कि भविष्य की उड़ान संवाद कार्यक्रम के तहत जिले के विभिन्न स्कूलों में जिन भामाशाहो, संस्थाओं द्वारा विद्यालयों की मूलभूत आवश्यकताओं, शैक्षिक उन्नयन एवं भौतिक संसाधनों की उपलब्धता एवं विद्यालय विकास के लिए 50 हजार या इससे अधिक राशि देने वाले 114 भामाशाहों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया है। उन्होंने बताया कि जिले के 66 विद्यालयों में 114 भामाशाहों ने 2 करोड़ 96 लाख 10 हजार 740 रूपए की सहयोग राशि दी है। उन्होंने बताया कि बालिका शिक्षा के प्रोत्साहन हेतु जिन बालिकाओं ने जिला एवं ब्लॉक स्तर पर माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की दसवीं एवं बारहवीं की परीक्षा में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाली 31 बालिकाओं को स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया। वहीं ब्लॉक स्तर पर बोर्ड परीक्षाओं मंे उत्कृष्ट परिणाम देने वाले 7 संस्था प्रधानों को सम्मानित किया गया।
इस दौरान कार्यक्रम में जिला प्रमुख सुदामा मीना, उप जिला प्रमुख बाबूलाल मीना, नगर परिषद सभापति विमल चन्द महावर, जिला पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार विश्नोई, अतिरिक्त जिला कलेक्टर डॉ. सूरज सिंह नेगी, एसडीएम सवाई माधोपुर कपिल शर्मा, उपखण्ड अधिकारी चौथ का बरवाड़ा उपेन्द्र कुमार शर्मा, नगर परिषद आयुक्त नवीन भारद्वाज सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।


