गरीब तबके के मरीजों को घर से आने एवं जाने में मिलेगी सहायता सवाई माधोपुर(चंद्रशेखर शर्मा) सवाई माधोपुर विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी रही एवं पूर्व प्रधान श्रीमती आशा मीणा ने सोमवार को वैश्विक महामारी कोरोना से उपजी आपदा के बीच एक बार फिर सामाजिक सरोकार की दिशा में कदम बढ़ाते हुए भामाशाह के रूप में जिला मुख्यालय स्थित राजकीय सामान्य चिकित्सालय को नि:शुल्क एंबुलेंस सेवा की सौगात दी। सवाई माधोपुर जिले वासियों की कोविड-19 की दूसरी लहर व लॉक डाउन की अवधि में मरीजों के लिए संसाधनों की कमी को देखते हुए यह निर्णय लिया गया। नि:शुल्क एंबुलेंस सेवा संचालन के लिए सीएमएचओ कार्यालय सवाई माधोपुर से भी अनुमति प्रदान की जा चुकी है। जिला चिकित्सालय सवाई माधोपुर में 24 घंटे निःशुल्क एंबुलेंस सेवा का लाभ विधानसभा क्षेत्र वासियों को मिलेगा। विशेषकर गरीब तबके के मरीज व उनके अभिभावकों को घर से अस्पताल एवं अस्पताल से घर जाने हेतु नि:शुल्क परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी। इस पुनीत कार्य की शुरुआत को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं सहित भाजपा नेत्री आशा मीणा के शुभचिंतकों एवं क्षेत्र की जनता ने मीणा का आभार व्यक्त किया है। गौरतलब है कि, विगत वर्ष भी कोरोना काल की अवधि में लॉकडाउन के चलते भाजपा नेत्री आशा मीणा द्वारा सामाजिक सरोकार की दिशा में विभिन्न गतिविधियों का संचालन कर जरूरतमंद, निर्धन व असहाय लोगों की तन मन धन से सेवा, सहयोग व सहायता की गई थी। जिस का संपूर्ण खर्चा उन्होंने अपने निजी कोष से ही उठाया था। जिसके चलते क्षेत्र के करीब - करीब सभी गांव में मास्क, सैनिटाइजर, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, महिला सफाई कर्मियों व क्षेत्र की गरीब तबके की महिलाओं को साड़ियां व क्षेत्र में कोई भी व्यक्ति भूखा ना सोए इसके लिए प्रतिदिन 1000 भोजन पैकेट्स का वितरण किया गया था। दूसरी ओर कोरोना की जंग में अपना महत्वपूर्ण योगदान देने वाले कोरोना योद्धाओं के उत्साह वर्धन हेतु भी उनके कार्य स्थलों पर पहुंच कर उन्हें पुष्पगुच्छ व फूल भेंट कर उनका उत्साहवर्धन करने के साथ-साथ उन्हे चिकित्सा किट भी उपलब्ध कराने में महत्ती भूमिका अदा की थी। निःशुल्क एंबुलेंस सेवा को लेकर चिकित्सा विभाग के उच्च अधिकारी व कार्मिकों का कहना है कि क्षेत्र के लोगों के समक्ष मरीज को लाने व ले जाने हेतु संसाधनों की भारी कमी थी, जिसकी वजह से उन्हें समस्या का सामना करना पड़ता था। जिसका समाधान अब 24 घंटे उपलब्ध नि:शुल्क एंबुलेंस सेवा के जरिए पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।ताकि कोरोना सहित सामान्य मरीजों को किसी प्रकार की आवागमन की असुविधा का सामना नहीं करना पड़े।
भाजपा नेत्री आशा मीणा द्वारा जिला अस्पताल को दी गई नि:शुल्क एंबुलेंस सेवा की सौगात,
माटी की महक न्यूज़




