सवाईमाधोपुर@रिपोर्ट चंद्रशेखर शर्मा। कोरोना जागरूकता अभियान के अन्तर्गत शनिवार को जिला मुख्यालय व सभी पंचायत समितियों में पौधारोपण कर स्वस्थ धरती-स्वस्थ मानव का संदेश दिया जायेगा। पौधरोपण का जिला स्तरीय कार्यक्रम महात्मा गांधी राजकीय उच्च माध्यमिक साहूनगर में सुबह 11 बजे जिला कलेक्टर नन्नूमल पहाडिया, उप वन संरक्षक सामाजिक वानिकी जयराम पांडे सहित अन्य अधिकारियों की उपस्थिति में होगा।
जिला कलेक्टर नन्नूमल पहाडिया ने बताया कि शनिवार को ही महिला अधिकारिता विभाग सभी पंचायत समितियों में बालिकाओं और महिलाओं को सोशल डिस्टेसिंग के साथ एक जाजम पर बैठाकर कोरोना से सजग रहने, शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य की देखभाल के लिये कार्यक्रम आयोजित करेगा।
अभियान के तहत रविवार को आंगनबाडी कार्यकर्ता, सहायिका, साथिन, एएनएम, राजीविका समूहों की महिला सदस्य गांव-गांव में घर-घर जाकर कोरोना जागरूकता का संदेश देगी। ग्राम पंचायत स्तर पर दीप श्रृंखला बनाकर लोगों को जागरूक किया जायेगा। सोमवार को सामाजिक संगठनों के सहयोग से नुक्कड नाटक, लोकगीत आदि के माध्यम से कोरोना से लडने का संकल्प जताया जायेगा। इसी दिन प्रत्येक गांव में दीवारों, सरकारी कार्यालयों, भवनों पर कोरोना जागरूकता नारा लेखन किया जायेगा। मंगलवार को सवाईमाधोपुर और गंगापुर सिटी नगरपरिषद नागरिकों को कपड़ा कैरीबैग का वितरण करेगी। इन कैरीबैग पर कोरोना जागरूकता के संदेश प्रिंट किये गये हैं। इसी दिन समापन समारोह होगा जिसमें कोरोना वारियर्स और इस अभियान में उल्लेखनीय कार्य करने वालों तथा विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया जायेगा।
