भवन मालिक पर लगाया निर्माण के दौरान लापरवाही बरतने का आरोप
माटी के महक समाचार पत्र संवाददाता हर्षवर्धन सिंह राठौड़ केकड़ी । केकड़ी शहर थाना पुलिस ने भवन निर्माण हादसे के मामले में मृत्यु उनके पिता की रिपोर्ट पर भवन मालिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है। कार्यकारी थाना अधिकारी एसआई पारूल यादव ने बताया कि गत 4 फरवरी को अजमेर रोड पर तीन मंजिला भवन दहने से उसके मलबे में दबकर खाईगढ़ पुरानी केकड़ी निवासी आमीन खिलजी की मौत हो गई। इस संबंध में मृतक आमीन खिलजी के पिता अब्दुल सलाम ने रिपोर्ट दी कि मेहरूकलां हाल केकड़ी निवासी मुन्नादीन मंसूरी की अजमेर रोड पर स्टील फैब्रिकेशन की दुकान है। यहां मुन्ना दिन द्वारा सुरक्षा मापदंडों की अनदेखी करते हुए 3 मंजिला भवन का निर्माण करवाया जा रहा था। यहां कार्य करने वाले सभी लोग मुन्ना को सुरक्षा मापदंडों की अनुपालन करने के लिए कहते थे। लेकिन मुन्ना उनकी बात को अनसुनी कर देता था । निर्माण कार्य में बरती जा रही लापरवाही के बारे में उनके पुत्र आमीन खिलजी ने भी कहा लेकिन मुन्ना ने उसकी किसी बात पर ध्यान नहीं दिया। अच्छी क्वालिटी के मटेरियल से कार्य करवाने का दबाव डाला तो मुन्ना ने अमीन को कार्यमुक्त करने की धमकी दी। गत 4 फरवरी को तीसरी मंजिल पर आरसीसी की छत डालते समय पूरा निर्माण तेज धमाके के साथ ध्वस्थ हो गया तथा पूरी बिल्डिंग जमींदोज हो गई। हादसे में अमीन की मौत होने के साथ ही 11 अन्य मजदूर व श्रमिक भी घायल हो गए। रिपोर्ट में मृतक के पिता ने आरोप लगाया कि उक्त हादसा भवन मालिक मुन्नादीन मंसूरी की लापरवाही के कारण हुआ है। पुलिस ने मुन्नादीन मंसूरी के खिलाफ भादसं की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।