दो ध्रुवीय राजस्थान सरकार जनता पर रहम खाये और मानवीयता को राजनीतिक स्वार्थ के ऊपर लाये तो शायद कुछ अच्छी खबर आये।
भरतपुर/सवाई माधोपुर (चंद्रशेखर शर्मा)।भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय मंत्री डॉ अलका गुर्जर ने भरतपुर संभाग की वर्चुअल प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि, वर्तमान की विषम परिस्थितियों से आज पूरा देश जूझ रहा है और हमारा राजस्थान भी उससे अछूता नहीं है लेकिन बड़े दुख के साथ मुझे कहना पड़ रहा है कि दो ध्रुवों की आपसी प्रतिस्पर्धा में उलझी हुई राजस्थान सरकार इन विपरीत परिस्थितियों में भी जनता को राहत देने का कार्य करने की जगह आरोप- प्रत्यारोप की दूषित राजनीति कर रही है।
डॉ. अलका गुर्जर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार इस वैश्विक आपदा के समय सभी देशवासियों को संभालने के लिए हर मोर्चे पर निरंतर कार्य कर रही है और महामारी के कारण जहां लोगों की रोजी-रोटी पर प्रभाव पड़ा है, उसे देखते हुए केंद्र सरकार ने देश के करीब 80 करोड़ लोगों को खाद्यान्न की सुरक्षा हेतु 26000 करोड रुपए का राशन देने की घोषणा की है।
डॉ अलका ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने अपनी टिप्पणी में यह स्पष्ट किया है, कि देश में स्वतंत्रता के बाद 60 वर्षों तक शासन करने वाली सरकारों ने स्वास्थ्य संभाल हेतु आधारभूत ढांचे का निर्माण ही नहीं किया जिसका सामना आज इस वैश्विक आपदा के समय देशवासियों को करना पड़ रहा है। वहीं मोदी सरकार ने मिशन मोड़ पर काम करते हुए 45000 वेंटिलेटर बनाकर देशवासियों के लिए सभी राज्यों को दिए हैं जिनमें से 1900 वेंटिलेटर राजस्थान सरकार को भी मिले लेकिन स्वार्थ की राजनीति में लिप्त राजस्थान सरकार इन वेंटीलेटरों का उपयोग सरकारी अस्पतालों में राज्य के नागरिकों के लिए ना कर उन्हें निजी अस्पतालों को निशुल्क दे रही है लेकिन यह स्पष्ट नहीं कर रही है कि क्या निजी अस्पताल मरीजों से शुल्क नहीं लेंगे।
डॉ. अलका गुर्जर ने कहा कि देश में कोरोना की प्रथम लहर आने के बाद मोदी सरकार ने त्वरित कार्यवाही करते हुए निर्णय लिए थे और उसी का परिणाम है कि पिछले 1 साल में देश में लिक्विड ऑक्सीजन का उत्पादन 10 गुना बढ़ा है और सभी राज्यों में केंद्र की तरफ से ऑक्सीजन ट्रेनें भेज कर नागरिकों को राहत देने हेतु कार्य किया जा रहा है।
डॉ गुर्जर ने कहा कि रेमेडीसीवर इंजेक्शन आज कोरोना मरीजों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है और मैं आपके ध्यान में लाना चाहूंगी कि जहां अप्रैल में इस इंजेक्शन के निर्माण हेतु देश में केवल 7 प्लांट थे, वे अब बढ़कर 55 हो चुके हैं।
डॉक्टर गुर्जर ने कहा कि लेकिन हमारे राजस्थान की स्थिति बिल्कुल अलग नजर आ रही है मैं फिर कहूंगी कि राजनीतिक उठापटक और आरोप- प्रत्यारोप की राजनीति अभी नहीं होनी चाहिए बल्कि मानवीयता को सर्वोपरि रख जनहित का दृष्टिकोण वर्तमान में सरकार की प्राथमिकता होना चाहिए।
गुर्जर ने कहा कि मैं आप सभी पत्रकार बंधुओं से अनुरोध करुंगी कि आप राजस्थान सरकार से पूछे कि केंद्र सरकार के द्वारा भेजे गए वेंटीलेटर कबाड़ में क्यों पड़े हुए हैं? राज्य का आम नागरिक मौत से संघर्ष कर रहा है और यह सरकार फिर भी आंखें मूंदकर बैठी है आखिर क्यों?
डॉ अलका गुर्जर ने कहा कि पूरे देश में ,581 नये ऑक्सीजन प्लांट लगाने हेतु केंद्र ने वित्तीय स्वीकृति जारी की है जिसमें से 16 प्लांट राजस्थान में लगेंगे लेकिन राजस्थान सरकार ने इस हेतु अभी तक कोई प्रक्रिया शुरू नहीं की है आखिर क्यों?
अलका गुर्जर ने कहा कि राजस्थान में अब गांवों में संक्रमण फैलना शुरू हो चुका है और हमारी भोली भाली ग्रामीण जनता इस महामारी का शिकार ना बने इस हेतु मैं राजस्थान सरकार से अपील करना चाहूंगी कि गांवों में बंद पड़े स्कूल भवनों को आइसोलेशन सेंटर बना दें और प्रशासन सतर्क होकर लोगों को राहत देने का काम करें ताकि जनहानि होने से बच सके।
साथ ही मैं मुख्यमंत्री राजस्थान से यह अपील भी करूंगी कि वह यह घोषणा करें कि जिस किसी ग्रामीण परिवार का मुखिया वैश्विक महामारी के कारण अकाल मृत्यु का शिकार हो जाएगा उस परिवार को राजस्थान सरकार भी मध्य प्रदेश सरकार की तर्ज पर कुछ आर्थिक सहायता अवश्य प्रदान करे।
इस भरतपुर संभागीय वर्चुअल प्रेस-वार्ता में स.माधोपुर जिले से मिडिया वाले बन्धुओं के साथ भाजपा जिलाध्यक्ष डां भरत मथुरिया,प्रदेश प्रतिनिधि श्रीमति आशा मीणा व भाजपा जिला प्रवक्ता दीन दयाल मथुरिया भी जुड़े रहे।
