सवाई माधोपुर/चन्द्रशेखर शर्मा। भाजपा नेत्री आशा मीणा ने मंगलवार को सवाईमाधोपुर विधान सभा क्षेत्र का दौरा कर कई सामाजिक, धार्मिक, राजनैतिक एवं सांस्कृतिक सरोकार से जुड़े कार्यक्रमों में शिरकत की और जनता- जनार्दन के बीच उपस्थित हो उनके सुख-दुख में सहभागी बनी। सामाजिक सरोकार की दिशा में लगातार प्रयत्नशील भाजपा नेत्री ने एक और जहां असमय काल का ग्रास बने युवक की मृत्यु के शौक में डूबे उसके परिजनों से दुब्बी बनास गांव में पहुंच कर मुलाकात की और शोक संतप्त परिवार को दुःख की घड़ी में ढांढस बंधाया। वहीं आशा मीना ने बनोटा गांव में भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए अपनी टीम के संग पद दंगल समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया और यहां विराजमान पंच पटेलों एवं महिला वर्ग का स्नेह एवं आशीर्वाद प्राप्त किया। पद दंगल में शामिल श्रोताओं को संबोधित करते हुए आशा मीना ने कहा कि इस प्रकार के सामाजिक आयोजन हमारी लोक संस्कृति के प्रतिक है। ऐसे समय में जब सभ्यता एवं संस्कृति हांसिए पर हो तो इनका आयोजन बहुत ज्यादा जरूरी है क्योंकि लोक कला व लोक संस्कृति से परस्पर भाईचारे एवं प्रेमत्व तथा सहयोग की भावना का संचार होता है। ऐसे आयोजनों से हमारी संस्कृति एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी में हस्तांतरित होती है। पद दंगल कार्यक्रम में श्रोताओं की भारी तादाद दिखाई दी। कार्यक्रम में छारोदा,उलियाणा एवं झाडोदा आदि स्थानों की पद दंगल गायन पार्टियों ने भाग लेकर एक से बढ़कर एक धार्मिक प्रस्तुतियां देकर पाण्डाल में उपस्थित श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करने में कोई कोर कसर बाकी नहीं छोड़ी। इस दौरान कई पंच पटेल, भाजपाई एवं सैंकड़ों ग्रामीण शामिल रहे।




