महात्मा गांधी अंग्रेजी विद्यालयों के नाम पर सरकार बच्चों के भविष्य के साथ कर रही है खिलवाड़
गंगापुर सिटी/सवाई माधोपुर ( चन्द्रशेखर शर्मा)। वरिष्ठ भाजपा नेता एवं गंगापुर सिटी के पूर्व विधायक मानसिंह गुर्जर ने गहलोत सरकार द्वारा खोले जा रहे महात्मा गांधी अंग्रेजी विद्यालयों के संचालन पर आपत्ति जताते हुए इस कदम को बच्चों की शिक्षा एवं आगामी भविष्य के साथ खिलवाड़ बताया है। उन्होंने कहा कि स्थानीय विधायक रामकेश मीणा की सिफारिश पर जिन हिंदी माध्यम विद्यालयों को अंग्रेजी माध्यम में परिवर्तित किया गया है, वह जल्दीबाजी में केवल थोथी वाही- वाही लेने वाला कदम है। सरकार बालक/बालिकाओं के भविष्य के साथ अच्छा नहीं कर रही है।गुर्जर ने बतौर उदाहरण जानकारी देते हुए बताया कि नंबर 1. राजकीय प्राथमिक विद्यालय सपेरा बस्ती गंगापुर सिटी 2.राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय तलावड़ा 3. राजकीय प्राथमिक विद्यालय उदेई खुर्द 4. राजकीय प्राथमिक विद्यालय खंडीप वार्ड नंबर 9 5.राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय खंडीप 6. राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय पीलोदा 7.राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय वजीरपुर इन सभी विद्यालयों को अंग्रेजी माध्यम करने से पहले इन में पढ़ने वाले बालक/बालिकाओं की पढ़ाई की व्यवस्था करनी चाहिए थी, एनवक्त पर स्कूल प्रशासन टी.सी. काट रहा है, या उन्हें अंग्रेजी माध्यम में पढ़ने को कह रहा हैं, जो अव्यवहारिक ही नहीं अदूरदर्शी फैसला हैं।गुर्जर ने कहा कि सरकार अपनी गलती को स्वीकार करें व इन विद्यालयों को जब तक पुख्ता व्यवस्था अलग से नहीं होती तब तक दो पारियों में चलाकर इन बच्चों को राहत दे सकती है।गुर्जर ने कहा कि पूरे प्रदेश में हाहाकार हो रहा है, सरकार समय रहते निर्णय करें वरना जन आंदोलन होगा। उन्होंने कहा कि अभी तक सरकार के पास अंग्रेजी माध्यम का स्टाफ ही नहीं है, केवल बोर्ड टांगने से काम नहीं चलेगा।
